लखनऊ। उन्नाव बॉर्डर क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। भाजपा युवा मोर्चा उन्नाव मंडल के महामंत्री हैप्पी राजपूत (26) की इस दुर्घटना में मौके पर ही जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि हैप्पी राजपूत अपने सात साथियों के साथ स्कॉर्पियो कार से उन्नाव से लखनऊ जा रहे थे। सभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। जैसे ही उनकी गाड़ी लाला खेड़ा चौराहे के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक बुरी तरह फंस गए।
हादसे में हैप्पी राजपूत के साथ अनुराग राजपूत और सत्येंद्र राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य साथियों को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल पीजीआई ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हैप्पी राजपूत को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हैप्पी राजपूत उन्नाव जिले के मुर्तजानगर सोनी गांव के रहने वाले थे। वे परिवार के इकलौते बेटे थे और जीविकोपार्जन के लिए मोबाइल की दुकान चलाते थे। परिजनों के मुताबिक उनकी 8 फरवरी को सगाई और 26 अप्रैल को शादी तय थी। घर में खुशियों की तैयारियों के बीच अचानक आई इस खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल से डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।









