वाराणसी/चंदौली। इश्क में इंसान क्या-क्या नहीं करता, लेकिन चंदौली के एक युवक ने तो हद ही पार कर दी। महिला मित्र को इम्प्रेस करने के लिए पुलिस की वर्दी पहनकर फर्जी सिपाही बन गया। लेकिन जब असली पुलिस सामने आई, तो सच का पर्दाफाश हो गया और पसीने छूट गए।
यह मामला शनिवार शाम वाराणसी के रामनगर किले के पास सामने आया, जहां गश्त कर रही पुलिस टीम ने वर्दी में घूमते एक संदिग्ध युवक को रोका और पूछताछ की।
आरोपी की पहचान चंदौली के सकलडीहा कोतवाली अंतर्गत भोजापुर गांव निवासी सिद्धार्थ सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह पुलिस का नकली आईडी कार्ड और फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर खुद को सिपाही बताता था।
कैसे हुआ खुलासा?
एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक अपनी टीम के साथ शनिवार शाम गश्त पर थीं। रामनगर किले के पास एक युवक को वर्दी में देखकर उनकी नजर उस पर पड़ी। पूछताछ में युवक हड़बड़ा गया और जवाब देने में घबरा गया। संदेह होने पर गहराई से पूछताछ की गई, तब जाकर पूरी कहानी सामने आई।
प्रेमिका को दिखाने के लिए सिलवाई वर्दी
सिद्धार्थ ने पुलिस को बताया कि उसकी महिला मित्र को पुलिस वाले बहुत पसंद हैं। उसे खुश करने के लिए अर्दली बाजार से खुद के लिए वर्दी सिलवाई और उसे पहनकर फोटो भेजता था। इतना ही नहीं, उसने प्रेमिका के साथ-साथ अपने परिवार को भी ये कह रखा था कि उसका चयन यूपी पुलिस में हो गया है।
वह लंका के नासिरपुर इलाके में किराए पर रहकर छात्रवृत्ति के 10,000 रुपये को ‘सैलरी’ बताकर घर भेजता था। पुलिस ने युवक से बरामद वर्दी, फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।
मां तक को बना रखा था भरोसे में
जांच में यह भी सामने आया कि सिद्धार्थ ने अपनी मां को यकीन दिलाया था कि वह अब पुलिस में है। वह पूरे गर्व से वर्दी पहनकर घर वालों को बताता था कि वह अब सरकारी नौकरी में है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
एसओ रामनगर के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और परिजनों को भी थाने बुलाकर जानकारी दी गई है। पूछताछ के दौरान यह भी जांचा जा रहा है कि कहीं युवक ने वर्दी का दुरुपयोग कर किसी से ठगी या अन्य अपराध तो नहीं किया।
पुलिस ने की चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि
“सरकारी पहचान और वर्दी का गलत इस्तेमाल करना कानूनन अपराध है। किसी को भी कानून से खेलने की इजाजत नहीं दी जाएगी।”
सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटना के बाद युवक की फोटो और पूरी कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग हैरानी जता रहे हैं कि सिर्फ प्रेमिका को खुश करने के लिए कोई इस हद तक जा सकता है।
फिलहाल, आरोपी हिरासत में है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













