जशपुरनगर। नगरपालिका जशपुर के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप सिंह जूदेव के ज्येष्ठ पुत्र शत्रुजंय प्रताप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर शनिवार को शहरवासियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शहर के टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में श्रद्धांजलि सभा और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता और सामाजिक लोग उपस्थित रहे। सभी ने कतारबद्ध होकर अपने प्रिय नेता शत्रुजंय प्रताप सिंह जूदेव को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और जिले के विकास में उनके योगदान को याद किया। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
शत्रुजंय प्रताप सिंह जूदेव ने अपने पिता दिलीप सिंह जूदेव के साथ कदम से कदम मिलाकर भारतीय जनता पार्टी को जशपुर जिले में मजबूत करने के लिए आजीवन कार्य किया। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष के रूप में उनके संगठनात्मक कार्यों को आज भी पार्टी कार्यकर्ता याद करते हैं। नगरपालिका उपाध्यक्ष रहते हुए भी उन्होंने शहर के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सत्येंद्र सिंह ने कहा कि शत्रुजंय प्रताप सिंह जूदेव ने भाजपा कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास पैदा किया, जिसके बल पर पार्टी ने वर्ष 2003 में कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में एकजुट होकर संघर्ष किया और छत्तीसगढ़ में पहली बार भाजपा की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई।
विनोद मिश्रा (बबलू) ने कहा कि ‘सुच्चा बाबा’ के नाम से लोकप्रिय शत्रुजंय प्रताप सिंह जूदेव हमेशा अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पार्टी और जशपुर के विकास के लिए समर्पित रहे।
श्रद्धांजलि देने वालों में ललित सिंह, विदेश मिश्रा, संजय सिंह, आकाश गुप्ता, निखिल गुप्ता, सतीश वर्मा, संतन भगत सहित बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।













