चंदौली। जिले में लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण इलाकों में तबाही मचा दी है। चकिया थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव में सोमवार को बारिश की वजह से रामआशीष नामक व्यक्ति का कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर पांच बकरियों की मौत हो गई और घर में खड़ी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि रविवार से ही क्षेत्र में रुक-रुक कर हल्की से तेज बारिश जारी है, जिससे कई पुराने और कमजोर मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। रामआशीष का कच्चा मकान पहले से ही जर्जर था और लगातार भीगने के कारण उसकी दीवारें कमजोर हो गई थीं। सोमवार दोपहर अचानक मकान भरभराकर गिर गया।
गांव के लोगों ने बताया कि पीड़ित परिवार बहुत ही गरीब है और बकरियों के मरने और मकान गिरने से उनका जीवन यापन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बाइक भी परिवार के लिए एकमात्र संसाधन थी जो अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते मुआवजा न मिला तो परिवार के सामने रोज़ी-रोटी का संकट गहरा जाएगा।
अब लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि कब तक राहत कार्य शुरू होता है और पीड़ित को मदद मिलती है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













