वाराणसी। नववर्ष की पूर्व संध्या पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने शहर में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने साफ चेतावनी दी है कि 31 दिसंबर की रात कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने गोदौलिया चौराहे से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर, मैदागिन चौराहा तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अराजकता या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा करने, अतिक्रमण करने, शराब पीकर वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खास तौर पर बाइक से स्टंट करने, तेज आवाज में संगीत बजाने और झगड़ा करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
नववर्ष पर काशी आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों, डॉग स्क्वॉड और पेट्रोलिंग टीमों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का स्वागत शांति और सौहार्द के साथ करें तथा पुलिस को सहयोग दें। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि तुरंत मदद उपलब्ध कराई जा सके।
पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीसीपी क्राइम सरवन टी, डीसीपी काशी जोन गौरव बांसवाल, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी, एसीपी कोतवाली शुभम कुमार सिंह, एसीपी ट्रैफिक सोमवीर सिंह, चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस की सख्ती से साफ है कि नववर्ष पर वाराणसी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं होगी।













