चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के चकिया–चंदौली मार्ग पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पार्टी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चकिया से पार्टी मनाकर इंडिगो कार (नंबर DL 2CAE 3403) तेज रफ्तार से चंदौली की ओर जा रही थी। लटांव गांव के पास कार ने पहले लटांव निवासी घासी राम (50) और सैयदराजा थाना क्षेत्र के तेजोपुर डढ़ीया निवासी अनीष उर्फ गोलू (18) को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
बाइक को मारी जोरदार टक्कर
इसके बाद फत्तेपुर गांव के पास कार चालक ने मानिकपुर निवासी मुन्ना राम, उनकी बहन शीला देवी और भांजे बंटी की मोटरसाइकिल में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक की मौत, चार घायल
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर सभी को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मुन्ना राम की मौत हो गई। शीला देवी और बंटी का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है, जबकि घासी राम और अनीष का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हो रहा है।
गांव में मातम, चालक की गिरफ्तारी की मांग
मुन्ना राम की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण गुस्से में हैं और फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
मुकदमा दर्ज, वाहन कब्जे में
पीड़ित पक्ष ने घटना की लिखित तहरीर थाने में दी है। थाना प्रभारी हरिनारायण पटेल ने बताया कि मृतक मुन्ना राम का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वाहन को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













