चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर से गया होते हुए प्रधानखांटा तक के महत्वपूर्ण रेलखंड पर बुधवार को हाई-स्पीड ट्रायल की शुरुआत हुई। इस परीक्षण में ट्रेनों की अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सुरक्षित संचालन की संभावनाओं को परखा जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत ट्रायल ट्रेन सुबह 11:05 बजे डीडीयू जंक्शन से रवाना हुई। यह ट्रेन गया जंक्शन होते हुए प्रधानखांटा तक जाएगी और फिर अप दिशा में लौटते हुए पुनः डीडीयू पहुंचेगी। पूरे रूट पर ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और ओवरहेड उपकरणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
ट्रायल के दौरान छत्रसाल सिंह और उदय सिंह मीना अधिकारियों की टीम के साथ विशेष निरीक्षण वैन में मौजूद रहे। अत्याधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए ट्रेन की गति, कंपन, ट्रैक की गुणवत्ता और अन्य तकनीकी पहलुओं का रियल टाइम विश्लेषण किया जा रहा है।
रेल अधिकारियों के मुताबिक, यह ट्रायल इस रूट पर तेज गति से ट्रेनों के संचालन की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसके सफल होने पर यात्रियों का सफर समय कम होगा और रेल नेटवर्क की कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा।









