गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के चाडीपुर गांव में होली के दौरान रंग डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान 55 वर्षीय आस मोहम्मद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि होली के दिन बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। हालांकि उसी विवाद को लेकर रविवार को फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से आस मोहम्मद के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पौत्र अरमान के अनुसार उनके दादा सुबह ईंट-भट्ठे पर गए थे। वापस लौटते समय तीन-चार लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और घर के दरवाजे तक ले जाकर बंदूक से गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि होली के दिन हुए विवाद के दौरान आरोपी धार्मिक नारे भी लगा रहे थे।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर सोशल मीडिया पर मृतक का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह होली के दिन हुई झड़प के बाद चोट के निशान दिखाते नजर आ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि उस दिन पुलिस द्वारा उन्हें थाने ले जाया गया था, जहां उनके साथ मारपीट की गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।













