जशपुरनगर। मुख्यमंत्री निवास बगिया में होली का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। रंग, गुलाल और पारंपरिक संगीत के बीच पूरा परिसर होली के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने अपने परिवारजनों के साथ होली खेली और सभी को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। स्थानीय कलाकारों ने फाग गीत, लोकनृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग भी झूमते नजर आए और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बन गया।
इस दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है, जो समाज को एकता के सूत्र में बांधता है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में मौजूद परिजनों और अतिथियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। पूरे आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री निवास बगिया में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।









