वाराणसी। होली पर्व को लेकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्थाएं कड़ी कर दी गई हैं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि शहर भर में करीब 2500 जगहों पर होलिका दहन होगा और होली के दिन निकलने वाले जुलूसों के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। सभी आयोजनों की पूर्व समीक्षा थाना और एसीपी स्तर पर बैठकों के जरिए कर ली गई है, जबकि जिला स्तरीय बैठक में भी सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिन स्थानों पर होलिका दहन प्रस्तावित है, वहां अतिरिक्त फोर्स और स्थानीय पुलिस की निगरानी रहेगी। जुलूसों के दौरान पुलिस बल ‘बॉक्स फॉर्मेशन’ में तैनात रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। पूरे रूट की ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
पिछले एक दशक में विवाद या अफवाह फैलाने में शामिल रहे असामाजिक तत्वों को पहले ही चिन्हित कर आवश्यक पाबंदियां लगाई गई हैं। इन पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि माहौल बिगाड़ने की कोई कोशिश न हो सके।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार को सौहार्द और शालीनता के साथ मनाएं। किसी पर जबरन रंग न डालें और बीमार, बुजुर्ग या अन्य धर्म के लोगों की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









