ग्वालियर। थाटीपुर क्षेत्र स्थित परशुराम चौराहे के पास शुक्रवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार महिंद्रा स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो कई फीट दूर जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो पुलिस की गाड़ी से बचकर भाग रही थी और काफी तेज गति में थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और यह बड़ा हादसा हो गया।
घायलों को तत्काल जयारोग्य अस्पताल और अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दो घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे परिजन और स्थानीय लोग फूट-फूटकर रो पड़े। एक परिजन ने बताया कि परिवार पूरी रात पूजा कर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गहरा आक्रोश जताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। बिजौली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश जारी है।













