चंदौली। जिले के चकिया तहसील अंतर्गत हरौड़ा गांव में सोमवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। देर रात करीब 10 बजे मूसलाधार बारिश के कारण पारस राम का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय परिवार के लोग घर के भीतर मौजूद थे। मकान गिरते ही चार लोग मलबे में दब गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मकान ढहने से दुर्गावती (35), पूजा (32), मनसा देवी (55) और सनम (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और मशक्कत के बाद चारों को मलबे से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें शहाबगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी स्थिति नाजुक रहने पर चारों घायलों को वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों को सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और सभी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
इस हादसे में न सिर्फ परिवार के लोग घायल हुए बल्कि घर का सारा सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया, जिससे पूरा परिवार बेघर हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते गांव के कई कच्चे और पुराने मकानों की स्थिति जर्जर हो चुकी है। लोग भय और दहशत के माहौल में जी रहे हैं। ग्रामीण प्रशासन से प्रभावित परिवार को मुआवजा, राहत सामग्री और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।









