चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चकई पलिया गांव में विवाहिता काजल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। दहेज हत्या के आरोप में पति, सास और दो ननदों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थाना क्षेत्र के सिंगहा निवासी संजय राम ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री काजल की शादी 8 मार्च 2020 को पलियाँ चकई निवासी गोविन्द राम उर्फ अखिलेश कुमार उर्फ राजा से हुई थी। शादी के बाद से ही पति गोविन्द और उसके घरवाले दहेज की मांग कर रहे थे। तहरीर में बताया गया कि काजल को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
आरोप है कि 3 अगस्त की आधी रात लगभग 12 बजे ससुरालवालों ने साजिशन उसकी हत्या कर दी। इस गंभीर प्रकरण को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के निर्देशन में थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार के नेतृत्व में रविवार को दबिश देकर चारों आरोपियों को घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मृतका के पति 32 वर्षीय गोविन्द राम, सास 55 वर्षीय शशिकला, ननद 21 वर्षीय रुबी कुमारी और 18 वर्षीय अर्चना कुमारी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया।
बलुआ एसओ अतुल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल विजय कुमार यादव, महिला हेड कांस्टेबल चिंता देवी, महिला कांस्टेबल खुशबू रानी और शालिनी चौधरी शामिल रहीं।













