वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। बैंकॉक से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से पहुंचे तीन यात्रियों के बैग से 25 किलो 200 ग्राम से अधिक गांजा बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात बैंकॉक से वाराणसी पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-216 के यात्रियों की नियमित जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को तीन यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। एक्स-रे स्कैनिंग में बैग के अंदर संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर अधिकारियों ने उनके सामान की गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से पारदर्शी पैकेटों में सील किए गए कुल 12 पैकेट बरामद हुए, जिनमें लगभग 25 किलो 200 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा पाया गया। अधिकारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 25 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपी गुजरात के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें हिमराज रामसिंग सुंदर (जूनागढ़), राज कांतिलाल चौहान (केशोद, जूनागढ़) और हीनाबेन भारदा (वडोदरा) शामिल हैं। कस्टम विभाग ने तीनों को हिरासत में लेकर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों के अनुसार यह हाइड्रोपोनिक गांजा विशेष तकनीक से उगाया जाता है और इसकी सप्लाई आमतौर पर बड़े महानगरों में की जाती है। कस्टम विभाग अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।









