चंदौली। होली पर्व से पहले अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एनएच-19 स्थित सिंहिताली पुल के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे (थाना अलीनगर) और स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर ट्रक संख्या RJ14 GL 7458 को रोका। जांच के दौरान ट्रक में कुल 1028 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (करीब 9199.8 लीटर) बरामद हुई। शराब को 30 आलू की बोरियों और 50 बोरी चावल की भूसी के नीचे छिपाकर रखा गया था, ताकि जांच के दौरान शक न हो।
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक ने चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास किया और वाहन को पुलिस टीम की ओर मोड़कर तेजी से बढ़ाया। हालांकि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए कुछ दूरी पर घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया। पकड़े गए चालक की पहचान मल्लाराम पुत्र वागाराम निवासी रानी गांव कल्ला, थाना सदर बाड़मेर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। उसके पास से 1200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। इस संबंध में थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 139/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में अलीनगर थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली के मद्देनजर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।









