सहारनपुर/सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुल्तानपुर जिले के लोलेपुर निवासी एक लाख रुपये के इनामी अपराधी सिराज अहमद को मुठभेड़ में मार गिराया। सिराज अहमद पर हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 30 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि सिराज अहमद किसी बड़ी वारदात की फिराक में पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पार कर सहारनपुर जिले के थाना गंगोह क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर शनिवार शाम एसटीएफ टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख सिराज ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सिराज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से दो पिस्तौल (30 बोर व 32 बोर), बड़ी संख्या में जिंदा व खोखे कारतूस, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, एक बैग और आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, सिराज लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









