आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है, जिसमें पति के दो पुराने दोस्तों ने उसकी पत्नी का नहाते समय छिपकर अश्लील वीडियो बनाकर उसको और उसके पति को गंभीर मुसीबत में डाल दिया। मामला कोर्ट के आदेश पर खुला और पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, पति के दोस्त ललित असौलिया और आयुष वर्मा अक्सर उनके घर आते-जाते थे। इसी दौरान दोनों ने महिला के नहाते समय छिपकर वीडियो बना लिया और बाद में वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल शुरू कर दिया। महिलाओं ने बताया कि धमकी देकर उससे बैंक खाते की पूरी जानकारी ले ली गई।
आरोपियों ने महिला के खाते में साइबर ठगी से हासिल 15.85 लाख रुपये ट्रांसफर किए और तुरंत उसे बैंक से निकाल लिया। इस तरह खाते के दुरुपयोग की जिम्मेदारी भी पीड़िता पर ही आ गई। कुछ दिनों बाद साइबर क्राइम पुलिस की ओर से नोटिस मिला कि उसके खाते से ठगी का पैसा निकाला गया है, जिससे दंपति सदमे में आ गया।
जब दंपति ने जगदीशपुरा पुलिस से मदद माँगी, तो उन्हें उल्टा सवाल किया गया कि “खाते में पैसे आए तो पहले सूचना क्यों नहीं दी?” पीड़ितों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया।
कोर्ट के आदेश पर हुई जांच में पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पहले महिला का वीडियो बनाया, फिर उसी वीडियो के आधार पर दंपति को डराकर बैंक विवरण हासिल किया। उसके बाद साइबर ठगी का पैसा महिला के खाते में डालकर तुरंत निकाल लिया, ताकि जांच का शक पीड़िता पर जाए और ठग बच निकलें।
जगदीशपुरा पुलिस ने अब मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल भी जांच कर रही है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
पीड़ित पति ने मीडिया को बताया, “मेरे सबसे करीबी दोस्तों ने ही घर की इज्जत और हमारी जिंदगी को बर्बाद कर दिया। पुलिस पहले हमारी बात सुनने को तैयार ही नहीं थी। कोर्ट के आदेश के बाद ही सच्चाई बाहर आई है।”













