चंदौली। बबुरी कस्बे के हनुमानगढ़ी मोहल्ले में मस्जिद के सामने नाले पर बना कंक्रीट का पटिया पिछले कई महीनों से टूटा पड़ा है। यह टूटा पटिया अब आम लोगों के लिए हादसों का गढ़ बन चुका है। हर दिन कोई न कोई राहगीर इसमें फंसकर गिर रहा है, घायल हो रहा है, लेकिन पंचायत और जिम्मेदारों की चुप्पी हालात को और खतरनाक बना रही है।
मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण इस रास्ते से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं। बच्चे स्कूल जाने के लिए, बुजुर्ग बैंक और बाजार आने-जाने के लिए इसी रास्ते पर निर्भर हैं। टूटा पटिया साइकिल और बाइक सवारों के लिए किसी जाल से कम नहीं—जरा-सी चूक पर गड्ढे में पहिया फंसता है और लोग बुरी तरह गिर पड़ते हैं। हाल ही में दो युवक बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं, खेलते-खेलते कई छोटे बच्चे भी चोट खा चुके हैं।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि टूटा पटिया देखकर हर बार दहशत होती है कि कहीं अगला हादसा जानलेवा न साबित हो जाए। कस्बा निवासी रवि जायसवाल ने बताया कि कई बार पंचायत को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन जिम्मेदार कान बंद किए बैठे हैं।
स्थानीय लोग अब गुस्से में हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते पटिया ठीक नहीं हुआ तो यह केवल छोटी दुर्घटनाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसी दिन किसी की जान भी ले सकता है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, तो वे मजबूरन सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।









