चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर चौकी अंतर्गत चौरहट गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में लगभग 50 वर्षीय महिला की जान चली गई। बताया जा रहा है कि रामनगर की ओर से पड़ाव जा रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सड़क किनारे पैदल चल रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बाइक सवार युवक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज न मिलने के कारण उसकी शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ अन्य माध्यमों से पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
वहीं पकड़े गए बाइक सवार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान होने और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।









