सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कस्बे में दिनदहाड़े शातिर बदमाशों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को सकते में डाल दिया। बैंक से निकाले गए 10 लाख रुपये महज कुछ ही मिनटों में ठगों ने चालाकी से गायब कर दिए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना शुक्रवार की है। सीएस इंफ्रा कंपनी के कैशियर श्रीप्रकाश द्विवेदी बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा, रॉबर्ट्सगंज से 10 लाख रुपये नकद निकालकर वाहन से कंपनी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से पीछा कर रहे संदिग्धों ने बैंक परिसर में ही वाहन का टायर पंचर कर दिया। कुछ दूर चलने के बाद रामलीला मैदान गेट के पास वाहन का पहिया पूरी तरह बैठ गया।
चालक जैसे ही टायर ठीक कराने के लिए गया, उसी समय शातिरों ने कैशियर को बातों में उलझाकर गाड़ी से नीचे उतार लिया। इसी दौरान मौका पाकर बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है।
कंपनी प्रबंधक विद्यासागर तिवारी की तहरीर पर कोतवाली रॉबर्ट्सगंज में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गिरोह की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।









