लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 5-कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में आमजन की समस्याएं सुनीं और साफ शब्दों में प्रशासन को चेताया कि अवैध कब्जा करने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ अभियान पहले की तरह आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों ने जमीन विवाद, मारपीट, राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों की शिकायतें रखीं। मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के पास पहुंचे, उनकी बातें सुनीं और प्रार्थना-पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीएम योगी ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला, मंडल और जोन स्तर पर नियमित निगरानी रखते हुए दबंगों व भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा कायम रखना सरकार की जिम्मेदारी है और इसके लिए कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटा जाएगा।
जनता दर्शन में इलाज के लिए सहायता मांगने पहुंचे गंभीर रोगियों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल से आकलन रिपोर्ट (एस्टिमेट) मंगाकर तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें स्नेहपूर्वक चॉकलेट दी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि ठंड के मौसम में बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखें।
जनता दर्शन के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और हर शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर किया जाएगा। आमजन से सीधा संवाद सरकार और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करता है।













