चंदौली। राजकीय महिला महाविद्यालय के सभागार में सोमवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत छात्राओं के बीच गुड टच और बैड टच के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मिशन शक्ति की प्रभारी डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने की। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किस प्रकार बच्चों और किशोरियों को सही और गलत स्पर्श की पहचान करनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के शोषण से वे स्वयं को सुरक्षित रख सकें।
इस अवसर पर बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्राएं रोशनी बानों और काजल कुमारी ने मंचन के माध्यम से गुड टच और बैड टच का प्रभावी प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित छात्राओं को विषय को समझने में आसानी हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि समाज में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तभी सुनिश्चित की जा सकती है, जब वे खुद जागरूक हों। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का गलत स्पर्श, दुर्व्यवहार या उत्पीड़न होने पर तत्काल उसका विरोध करना चाहिए, जिससे बड़े अपराध को होने से रोका जा सके।
उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे न केवल स्वयं जागरूक बनें, बल्कि अपने परिवार और समुदाय में भी इस विषय पर बातचीत करें, ताकि हर बच्चा सुरक्षित माहौल में बड़ा हो सके।
इस दौरान महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक — डॉ. रवि प्रकाश, हेमन्त कुमार निराला, डॉ. अजय कुमार सोनकर, डॉ. अभय राज यादव, डॉ. अवनीश कुमार सिंह, अनुराग सिंह, रीतेश कुमार सिंह, डॉ. ऋतेष गौरव, अमित कुमार, प्रमोद कुमार केशरी, पवन कुमार एवं शिव शंकर कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन गरिमा सिंह ने किया।









