वाराणसी। शहर के कैंट इलाके में शनिवार शाम एक हैरान कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब एक बाइक फॉर्च्यूनर कार के आगे फंस गई और घसीटते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गई। यह पूरा घटनाक्रम कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का कारण बन गया।
जानकारी के अनुसार, भोजूबीर स्थित यूपी कॉलेज के खेल मैदान से लौटते समय फॉर्च्यूनर सवार युवकों की कार की एक बाइक से हल्की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख बाइक सवार और यूपी कॉलेज के कुछ छात्र फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए महावीर चौराहा स्थित इंफिनिटी हॉस्पिटल के सामने तक पहुंच गए।
वहां छात्रों ने फॉर्च्यूनर के सामने बाइक खड़ी कर दी और कार सवारों को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। देखते ही देखते यूपी कॉलेज के दर्जनों छात्र मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ बढ़ने और मारपीट की आशंका के चलते फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने कार आगे बढ़ाने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक फॉर्च्यूनर के अगले हिस्से में फंस गई।
इसके बाद फॉर्च्यूनर सवार युवक सीधे अर्दली बाजार पुलिस चौकी की ओर निकल गए। हैरानी की बात यह रही कि बाइक कार में फंसी रही और पूरी सड़क पर घसीटती चली गई। रास्ते में बाइक से पेट्रोल लीकेज भी हुआ, लेकिन सौभाग्य से आग नहीं लगी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट क्षेत्र की अर्दली बाजार पुलिस चौकी पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फॉर्च्यूनर सवार सभी युवकों को अपने संरक्षण में लिया और स्थिति को नियंत्रण में किया। इसी दौरान यूपी कॉलेज के कई छात्र भी चौकी पर जमा हो गए।
इस घटना में दो युवकों को हल्की चोटें आईं। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के अभिभावकों को थाने बुलाया गया, जहां आपसी बातचीत के बाद सुलह-समझौता हो गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
तेजी से बदले हालात और समय रहते पुलिस की मौजूदगी के कारण मामला गंभीर होने से बच गया। यह घटना शहर में कुछ देर के लिए चर्चा का विषय बनी रही।













