अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है। शुक्रवार को खेले गए सीरीज के पांचवें मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को 30 रन से पराजित किया और लगातार आठवीं टी20 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड कायम किया।
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी। भारतीय गेंदबाजों ने पूरे मैच में दबाव बनाए रखा। वरुण चक्रवर्ती ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 2 अहम सफलताएं हासिल कीं। साउथ अफ्रीका की ओर से क्विंटन डी कॉक ने 35 गेंदों पर 65 रन की तेज पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
इससे पहले भारतीय टीम ने तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट पर 231 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। तिलक वर्मा ने 42 गेंदों पर 73 रन बनाए, जबकि हार्दिक पंड्या ने सिर्फ 25 गेंदों में 63 रन की विस्फोटक पारी खेली। संजू सैमसन ने 37 और अभिषेक शर्मा ने 34 रन का योगदान दिया।
एक समय भारतीय टीम ने 115 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या ने चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 104 रन की शानदार साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। हार्दिक पंड्या ने महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने न सिर्फ सीरीज पर कब्जा जमाया, बल्कि टी20 क्रिकेट में अपनी मजबूत दावेदारी को भी एक बार फिर साबित किया।









