वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी इस वर्ष अक्टूबर में एक ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। भारतीय वायुसेना (IAF) पहली बार गंगा तट स्थित नमो घाट पर भव्य एयर शो आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इस आयोजन में वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान और एरोबेटिक टीम अपने अद्भुत प्रदर्शन से लोगों को रोमांचित करेंगे।
एयर शो का मुख्य आकर्षण भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध एरोबेटिक टीम ‘सूर्य किरण’ होगी। नौ हॉक विमानों से सुसज्जित यह टीम आसमान में आकर्षक कलाबाजियां, रंग-बिरंगे धुएं के साथ तिरंगे की आकृति और रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करेगी। बताया जा रहा है कि सूर्य किरण टीम के विमान अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बाबतपुर स्थित एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
इस आयोजन के लिए लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर को बेस स्टेशन के रूप में तैयार किया जा रहा है। विमानों की पार्किंग, हैंगर और रनवे से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य कार्यक्रम से पहले वायुसेना की टीम द्वारा कई दिनों तक अभ्यास और रिहर्सल भी किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार एयर शो में सूर्य किरण टीम के अलावा भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान Dassault Rafale, HAL Tejas और Sukhoi Su-30MKI समेत 50 से अधिक फाइटर जेट्स और हेलिकॉप्टर शामिल हो सकते हैं। इनके प्रदर्शन से गंगा किनारे मौजूद दर्शकों को भारतीय वायुसेना की ताकत और आधुनिक सैन्य क्षमता का करीब से अनुभव मिलेगा।
आयोजन को लेकर प्रशासन, एयरपोर्ट प्रबंधन और वायुसेना के अधिकारियों के बीच समन्वय का कार्य जारी है। सुरक्षा, यातायात और दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
नमो घाट पर होने वाला यह एयर शो न केवल काशीवासियों के लिए यादगार अनुभव होगा, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से भी शहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला आयोजन माना जा रहा है। हजारों लोगों के इस कार्यक्रम को देखने के लिए जुटने की संभावना है।













