चंदौली। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत थाना परिसर में मंगलवार को मिशन शक्ति फेज-5 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किड्स पब्लिक स्कूल की छात्राओं को सुरक्षा और अधिकार संबंधी जानकारी के साथ ही सरकारी हेल्पलाइन नंबरों व कानून की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी प्रसाद पांडे ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 1090 वीमेन पावर लाइन, 112, 181 और 1076 जैसे हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल मदद ली जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि एंटी रोमियो टीम लगातार गश्त करती है और किसी भी असामाजिक तत्व पर तुरंत कार्रवाई करती है।
महिला कांस्टेबल पूजा और अर्चना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी तरह की समस्या आने पर घबराने की बजाय सीधे पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने घरेलू हिंसा, छेड़खानी और बाल विवाह जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और छात्राओं को जागरूक किया।
छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रियता से भाग लिया और “वॉल थीम” पर अपने भविष्य के सपनों को व्यक्त करते हुए हस्ताक्षर किए। किसी ने पुलिस, तो किसी ने डॉक्टर या एडवोकेट बनने की इच्छा जताई। छात्राओं ने महिला सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिन पर अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि हर स्थिति में उन्हें त्वरित सहायता दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को पर्चे बांटकर मिशन शक्ति अभियान का मुख्य संदेश दिया गया कि “महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता ही उनकी असली ताकत है।”
इस दौरान विद्यालय प्रबंधक सुशील शर्मा, प्रधानाचार्य आकाश शर्मा, अर्चना सोनी, किरण शर्मा, निरंजन, महिला कांस्टेबल और विद्यालय की अनेक छात्राएं उपस्थित रहीं।













