स्व० जयप्रकाश मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार, 16 नवम्बर को जिले के पांच प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर ग्रामीण प्रतिभा खोज परीक्षा (RTSE) का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। परीक्षा में जिले भर से 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने शामिल होकर अपनी शैक्षणिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
परीक्षा के लिए चयनित केंद्रों में नेशनल इंटर कॉलेज सैय्यदराजा, बाबू तूफानी सिंह महाविद्यालय नवहीं, पीएम श्री कंपोजिट स्कूल हथियानी, गायत्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहाबगंज तथा सर्वधर्म काशीनाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सवैया महलवार शामिल रहे।
1 घंटे 30 मिनट की इस परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे गए, जो गणित, विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य अध्ययन व करेंट अफेयर्स जैसे विषयों पर आधारित थे।
ट्रस्ट के संचालक श्री प्रेमचंद ने कहा, “हमारा उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं की खोज कर उन्हें उचित मंच देना है। आज की परीक्षा में विद्यार्थियों का उत्साह यह दर्शाता है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं। परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।”
ट्रस्ट के अध्यक्ष और सदस्यों ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकगण और परीक्षा आयोजन समिति को बधाई दी तथा ऐसे प्रयासों को आगे भी जारी रखने का आश्वासन दिया।
परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मंजीत कुमार गौतम, सुनील कुमार, उमेश, मनमोहन प्रसाद, अरुण कुमार, आनंद, विकास जगदीश पासवान, अजीत कुमार, आशुतोष प्रजापति सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।













