जशपुरनगर। जिले में बेहतर सड़क व्यवस्था और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने पर जोर दे रहे हैं। इसी पहल के तहत जशपुर जिले को दो अहम सड़क परियोजनाओं के लिए कुल 20 करोड़ 48 लाख रुपए की नई मंजूरी मिली है। इन स्वीकृतियों के बाद क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।
पहली परियोजना के रूप में जशपुर मुख्य मार्ग से खुड़ियारानी–कांजिया पहाड़ी कोरवा बस्ती तक 5.05 किमी लंबा नया पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। पुल और पुलिया सहित इस सड़क निर्माण पर 6 करोड़ 91 लाख 14 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग पहाड़ी और जनजातीय इलाकों को मुख्य बाजारों और प्रशासनिक केंद्रों से जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगा, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही काफी आसान होगी।
दूसरी ओर 17.60 किमी लंबे जशपुर–सन्ना मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य को हरी झंडी दे दी गई है। इस उन्नयन के लिए 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपए मंजूर हुए हैं। सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से न केवल यात्रियों को सुगमता मिलेगी, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी और परिवहन व्यवस्था और बेहतर बनेगी।
आवाजाही, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में आएगा सुधार
जशपुर जैसे भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण जिले में सड़क निर्माण हमेशा एक कठिन कार्य माना जाता है। पहाड़, नदियाँ, घाटियाँ और घने जंगलों के बीच बसे गाँव लंबे समय से बेहतर कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे। नई स्वीकृत परियोजनाएं इन समस्याओं को काफी हद तक दूर करेंगी।
सड़कें बेहतर होने से—
- दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से पहुंच सकेंगी
- छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी
- कृषि और वनोपज की बिक्री बड़े बाजारों तक तेजी से हो पाएगी
- ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी
- स्थानीय व्यापार को भी बड़ा लाभ होगा
बेहतर अधोसंरचना प्रदेश की आर्थिक मजबूती का आधार है, और इन परियोजनाओं से जशपुर के विकास में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों ने इन स्वीकृतियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।









