लखनऊ। भारत सरकार की डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन (DCID) योजना के तहत राजस्थान से आए पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं का जमीनी स्तर पर अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई द्वारा विकसित कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर इसकी गुणवत्ता और सुविधाओं को करीब से देखा।
अधिकारियों ने पत्रकारों को बताया कि एक्सप्रेसवे अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है, जिससे न सिर्फ यातायात सुगम हुआ है बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी मजबूत हुई है। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ लोगों के समय और संसाधनों की भी बचत हो रही है।
भ्रमण के दौरान पत्रकारों का दल ‘जूट वाली दीदी’ के नाम से प्रसिद्ध अंजली सिंह से भी मिला। उन्होंने जूट उत्पादों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की अपनी प्रेरणादायक यात्रा साझा की। अंजली सिंह ने बताया कि उन्होंने छोटे स्तर से शुरुआत कर आज कई महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संस्थागत सहयोग से उनके उद्यम को विस्तार मिला। कॉमन फैसिलिटी सेंटर, कौशल विकास प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता जैसी पहलें उनके कार्य को आगे बढ़ाने में अहम साबित हुई हैं।
पत्रकारों ने जूट उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया और वहां कार्यरत महिलाओं से बातचीत कर उनके अनुभव जाने। महिलाओं ने बताया कि इस पहल से उनकी आय में वृद्धि हुई है और उन्हें सामाजिक पहचान के साथ आत्मविश्वास भी मिला है।
यह मीडिया भ्रमण DCID योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत ढांचा विकास के प्रभाव को जमीनी स्तर पर समझना और उसे व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाना है।













