चंदौली। बंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखण्ड ज्योति के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शांतिकुंज हरिद्वार से निकली ज्योति कलश रथ यात्रा का मंगलवार को चहनियां ब्लॉक में भव्य स्वागत किया गया। शिव मंदिर पर दुर्गा पूजा समिति एवं क्षेत्रीय लोगों ने माल्यार्पण और आरती कर यात्रा का अभिनंदन किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर गायत्री परिवार का अभिनंदन किया। पूरे वातावरण में गायत्री मंत्रों की गूंज से आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
जिले के कई ब्लॉकों में कर चुकी है भ्रमण
यह यात्रा 1 सितम्बर को हरिद्वार से शुरू होकर जिले के नौगढ़, चकिया, शहाबगंज, चंदौली और बरहनी ब्लॉक का भ्रमण पहले ही कर चुकी है। मंगलवार को चहनियां पहुंचने पर लोगों ने इसे ऐतिहासिक और सौभाग्य का क्षण बताया। यात्रा जब शिव मंदिर पर पहुंची, तो लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर उम्र के लोग यात्रा में शामिल होकर धर्म और आस्था के इस आयोजन का हिस्सा बने।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
ज्योति कलश रथ यात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान सरिद्वार यादव, प्रधानपति सतीश गुप्ता, क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद सिंह, लोकमंगल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक योगेन्द्र मिश्रा, शिवलाल जायसवाल, गोपाल गुप्ता, जयशंकर जायसवाल, अमन सिंह, आशुतोष प्रसाद, तेजु जायसवाल, राकेश गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। माल्यार्पण और आरती के बाद सभी श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
पूरे बाजार में यात्रा का भ्रमण
चहनियां शिव मंदिर पर स्वागत समारोह के बाद रथ यात्रा पूरे बाजार से होती हुई आगे बढ़ी। लोग अपने-अपने घरों और दुकानों से निकलकर यात्रा का हिस्सा बने। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। इस दौरान पूरा चहनियां बाजार आस्था और भक्ति के रंग में रंग गया।
शांतिकुंज से जुड़ा विशेष महत्व
हरिद्वार शांतिकुंज से जुड़े सकलडीहा तहसील के युवा प्रभारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि यह रथ यात्रा चार जोनों—पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण—में विभाजित होकर पूरे देश में भ्रमण कर रही है। प्रत्येक जनपद मुख्यालय और ब्लॉक का भ्रमण करने के बाद यह यात्रा अगले वर्ष पुनः हरिद्वार लौटेगी। इसका उद्देश्य है कि अखण्ड ज्योति और माता भगवती देवी शर्मा के संदेश हर व्यक्ति तक पहुँचें और समाज में सद्भाव व अध्यात्मिक चेतना का विस्तार हो।
आगे का कार्यक्रम
मंगलवार को यात्रा चहनियां ब्लॉक के लगभग सभी गांवों का भ्रमण करने के बाद मारूफपुर में रात्रि प्रवास हेतु रुकी। बुधवार की सुबह यह सकलडीहा की ओर प्रस्थान करेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी यात्राएँ समाज में धार्मिक एकता और सकारात्मकता का संचार करती हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं।













