वाराणसी। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत रविवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचीं। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार एवं भव्य स्वागत किया।
पार्टी के प्रोटोकॉल प्रभारी एवं किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शैलेश पांडेय ने कंगना को पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया। पार्टी कार्यकर्ताओं में कंगना के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
लोगों में दिखी उत्सुकता
एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद आम यात्री और स्थानीय लोग उन्हें देखने के लिए उत्सुक नजर आए। कई लोग मोबाइल फोन से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाते दिखे।
कंगना ने मीडिया से बातचीत नहीं की, लेकिन स्वागत करने आए लोगों का मुस्कुराकर अभिवादन स्वीकार किया।
कंगना रनौत का यह वाराणसी दौरा भले ही औपचारिक कार्यक्रम से इतर था, परंतु एयरपोर्ट पर मिला व्यापक जनसमर्थन उनकी लोकप्रियता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया गर्मजोशी भरा स्वागत इस आगमन को विशेष बना गया।









