वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने बुधवार को चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में योगी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों और काशी में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।
पत्रकारों से बातचीत में राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में वाराणसी में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में लगभग 35,156 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, सेतु, पेयजल, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी 486 परियोजनाएं पूरी कर जनता को समर्पित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क और सेतु क्षेत्र में 22,829 करोड़ रुपये की 127 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 5,813 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं पर अभी कार्य चल रहा है। इसके अलावा रेलवे, एयरपोर्ट और जलमार्ग से संबंधित 1,529 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 4,934 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत 877.65 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। इनमें इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, शहर के 720 स्थानों पर लगाए गए सर्विलांस कैमरे, सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, टाउन हॉल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और गोदौलिया की मल्टीलेवल पार्किंग प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि पेयजल और सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की 60 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 2,100 करोड़ रुपये की योजनाओं पर कार्य जारी है। शिक्षा क्षेत्र में 512 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाएं पूरी हुई हैं और 544 करोड़ रुपये की परियोजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी बड़ा विस्तार हुआ है। 1,870.36 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनमें कैंसर संस्थान, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और मातृत्व विंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा 914 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
पर्यटन विकास के क्षेत्र में 721 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। इनमें श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, नमो घाट, सारनाथ का पुनर्विकास और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का विकास शामिल है। वहीं 834 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं।
राज्यमंत्री ने बताया कि विद्युत सुधार, खेल, पुलिस वेलफेयर और परिवहन के क्षेत्र में भी कई योजनाएं लागू की गई हैं। गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की योजना बनाई गई है और ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना पर भी कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि योजना के तहत बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है।
इन विकास कार्यों का असर जिले की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है। वर्ष 2017 में वाराणसी का जीडीपी 22,586.91 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 51,036 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,03,354 रुपये तक पहुंच गई है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।













