चंदौली। बलुआ स्थित बाल्मीकि इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर शुक्रवार को दो दिवसीय 27वीं जिला स्तरीय माध्यमिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में खंडवारी देवी इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 115 अंक प्राप्त कर जिला चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं बाल्मीकि इंटर कॉलेज ने 109 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि 96 अंकों के साथ अमर शहीद इंटर कॉलेज शहीदगांव तीसरे स्थान पर रहा।
दो दिनों तक चले इस आयोजन में छात्र-छात्राओं ने दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, त्रिकूद समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शुक्रवार को हुए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक उत्साहित हो उठे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं। विधायक ने घोषणा की कि मंडल स्तर पर प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को 100 ट्रैक सूट दिए जाएंगे और जो खिलाड़ी राज्य स्तर (स्टेट) में चयनित होंगे, उन्हें ₹51,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व शिक्षक विधायक चेत नारायण सिंह ने की। उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन असली खिलाड़ी वही है जो अपनी कमियों को पहचानकर आगे के खेलों में बेहतर प्रदर्शन करे।
इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह, धनंजय सिंह, श्याम सुंदर सिंह, प्रमुख अजय सिंह, सत्येंद्र सिंह बब्बू, आशीष रघुवंशी, सुजीत सिंह, संत सेवक सिंह, मनोज कुमार वर्मा और सुरेंद्र प्रसाद यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र प्रताप तिवारी ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। संचालन का दायित्व प्रदीप सिंह ने बखूबी निभाया। मैदान में बच्चों के जोश और उत्साह ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया, जबकि दर्शकों ने विजेता खिलाड़ियों का तालियों से स्वागत किया।













