चंदौली। वाराणसी के एक महाविद्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय अंतरमहाविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता में चहनियां स्थित मां खण्डवारी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की शाखा खण्डवारी पीजी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। कॉलेज की छात्राएं याशिका सिंह, माया कुमारी और निशा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए कॉलेज, क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया। तीनों खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
गुरुवार को संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में पहले राउंड में याशिका ने श्रीराम पीजी कॉलेज वाराणसी की खिलाड़ी को सिंगल मैच में 21-7 से हराया, जबकि डबल्स में माया और निशा ने 21-10 से जीत दर्ज की। दूसरे राउंड में खण्डवारी कॉलेज ने धीरेंद्र महिला महाविद्यालय वाराणसी को हराया — सिंगल्स में याशिका ने नव्या त्रिपाठी को 21-4 से पराजित किया और डबल्स में माया व निशा ने 21-7 से जीत हासिल की। तीसरे राउंड में भी खण्डवारी कॉलेज ने अपना दबदबा बनाए रखा और प्रतियोगिता में चैम्पियन बना।
कोच संतोष सिंह के मार्गदर्शन में छात्राओं के इस प्रदर्शन से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने सभी विजेताओं को बधाई दी। इससे पहले भी वर्ष 2024 में ओडिशा में याशिका और निशा ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
इसी दिन नयेपुरा डाफी, वाराणसी में आयोजित अंतरमहाविद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता में भी खण्डवारी पीजी कॉलेज के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। 77 किलोग्राम वर्ग में अंगद यादव ने ग्रीको रोमन स्टाइल में और 57 किलोग्राम वर्ग में जयबीर सिंह ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
संस्थापक प्रबंधक डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “बेटियां अब किसी से कम नहीं हैं, उन्होंने मिशन शक्ति का सही उदाहरण प्रस्तुत किया है।” वहीं प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने घोषणा की कि बैडमिंटन और कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतने वाले इन खिलाड़ियों को मंच से सम्मानित किया जाएगा।









