जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत कोतबा पहुंचकर क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने 51 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से जुड़े 28 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से कोतबा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और पेयजल सुविधाओं को नई मजबूती मिलने जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुदूर और आदिवासी अंचलों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। बेहतर सड़क, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं, शुद्ध पेयजल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के जरिए आम लोगों के जीवन स्तर में ठोस बदलाव लाया जाएगा।
27.24 करोड़ के 19 कार्यों का भूमिपूजन
कोतबा में 27 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से 19 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें ग्राम दोकड़ा में मिनी स्टेडियम निर्माण, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत पुलिया निर्माण, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों और पहुंच मार्गों का निर्माण, कोतबा में 50 बिस्तरीय नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उच्चस्तरीय पुल एवं संपर्क मार्ग, शासकीय उद्यान रोपणी कार्यालय व आवास भवन, बागबहार व बुलडेगा में कन्या आश्रम, लुड़ेग में प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास तथा सीसी सड़क-नाली निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
24.49 करोड़ के 9 कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 24 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 9 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें ग्रामीण व मुख्य सड़कों का निर्माण एवं मजबूतीकरण, बागबहार में नवीन तहसील कार्यालय भवन, कोतबा जल आवर्धन योजना तथा लुड़ेग में महतारी सदन का शुभारंभ प्रमुख है।
इन परियोजनाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, सड़क और पुल निर्माण से आवागमन आसान बनेगा, जबकि जल आवर्धन योजना से पेयजल संकट को राहत मिलेगी। महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका संवर्धन का केंद्र बनेगा और नया तहसील भवन लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में सुविधा देगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।













