चंदौली। जिले के इलिया थाना क्षेत्र में किसान तेजबली चौहान पर हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हमले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक 11 जनवरी 2026 को डेहरी खुर्द गांव निवासी 42 वर्षीय तेजबली चौहान को जमीन विवाद के चलते जान से मारने की नीयत से गोली मारी गई थी। घटना को अंजाम गांव के ही रवि उर्फ शशिकांत मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिया था। किसान उस समय साइकिल से घर का सामान लेकर जा रहा था, तभी कार से घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।
गोली लगने से तेजबली चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे पहले जिला अस्पताल और बाद में हालत नाजुक होने पर ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। पीड़ित की तहरीर पर इलिया थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हें के निर्देश पर गठित टीम ने चेकिंग के दौरान बलेनो कार से बिहार की ओर भाग रहे दो आरोपियों को बनरसिया माइनर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि उर्फ शशिकांत मिश्रा और उसके चालक प्रदीप कुमार गौतम के रूप में हुई है।
पूछताछ में रवि ने स्वीकार किया कि उसने पिन्टू चौहान के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और घटना में इस्तेमाल की गई बलेनो कार बरामद हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं सहित आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी पिन्टू चौहान की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।













