भदोही। जिले के थाना ऊंज क्षेत्र में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया। ग्राम मीनापुर के पास चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, थाना ऊंज में दर्ज चोरी से जुड़े दो मामलों के खुलासे के लिए एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीम संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि देख बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पर फायरिंग, जवाब में चली गोली
मुठभेड़ के दौरान राजेश कुमार बिन्द ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजेश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मौके से
- राजेश कुमार बिन्द (45 वर्ष), निवासी छन्नौरा, थाना दुर्गागंज
- बब्लू कुमार (26 वर्ष), निवासी कान्तिरामपुर, थाना सुरियावां
- संतोष कुमार बिन्द (38 वर्ष), निवासी बवई, थाना सुरियावां
को गिरफ्तार किया। संतोष कुमार की गिरफ्तारी बब्लू कुमार की निशानदेही पर की गई।
हथियार, चोरी की बाइक और भारी मात्रा में सामान बरामद
अभियुक्तों के कब्जे से
- एक अवैध तमंचा (315 बोर)
- एक जिंदा कारतूस व एक खोखा
- चोरी की मोटरसाइकिल
- चोरी का इनवर्टर और बैट्री
बरामद की गई। वहीं, बब्लू कुमार के घर से चोरी के मामले (मु0अ0सं0 7/2026) से संबंधित पांच बैटरियां, एक इनवर्टर और केबल भी जब्त किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने चोरी के कई अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए, जिनमें ट्यूबवेल पंप, सबमर्सिबल स्टार्टर, कंप्यूटर सीपीयू, आटा चक्की, सिलेंडर, प्रिंटर, मोटरसाइकिल के कटे पार्ट्स, तार कटर और अन्य उपकरण शामिल हैं।
डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस सूत्रों के अनुसार घायल बदमाश राजेश कुमार बिन्द पर थाना ऊंज, दुर्गागंज और सुरियावां में करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।
मौके पर फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।













