चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की एक अहम बैठक बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की। बैठक में प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस नेताओं ने जिले समेत पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था को फेल बताया।
बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि भाजपा शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। चंदौली सहित पूरे प्रदेश में हत्या, बलात्कार और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि सरकार का बेरोजगारी और महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं है।
देवेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार और आम आदमी के हितों की अनदेखी कर रही है। सरकार केवल कुछ गिने-चुने उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है और आम जनता के अधिकारों को छीनकर बड़े पूंजीपतियों को सौंप रही है।
जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर कर गरीबों को भुखमरी की ओर धकेलना चाहती है। कांग्रेस पार्टी मनरेगा को समाप्त किए जाने के किसी भी प्रयास का ग्रामसभा और मंडल स्तर पर जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने बताया कि 8 फरवरी को वाराणसी में होने वाली कांग्रेस रैली में चंदौली से हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे।
संगठन की समीक्षा करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि चंदौली में कांग्रेस पार्टी समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर लगातार मजबूत हो रही है और जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में 7 फरवरी को कांग्रेस द्वारा विरोध मार्च निकाला जाएगा।
बैठक में गंगा प्रसाद, सतीश बिंद, दया राम पटेल, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, हम्मीर शाह, नवीन पाण्डेय, परमहंस सिंह राजपूत, दिलीप यादव, श्रीकांत पाठक, दीनदयाल विश्वकर्मा, प्रेमचंद गुप्ता, अखिलेश्वर पाठक, अमरदेव राम, अनिल श्रीवास्तव, राकेश सिंह, राकेश पाठक, राज किशोर सिंह, चंद्रशेखर तिवारी, योगेंद्र सिंह, निखिल सिंह, पंकज तिवारी, विजय कुमार, शमशेर खां, संतोष चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने किया।













