भोपाल/सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से जुड़े एक बड़े कारोबारी को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबारी फिलहाल मुंबई में रहकर व्यापार करते हैं। धमकी मिलने के बाद उन्होंने वहां के ठाणे के नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार सतना जिले के शिवराजपुर निवासी कारोबारी रुद्र त्रिपाठी हाल ही में पारिवारिक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने गृह क्षेत्र आए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
कारोबारी ने शुरुआत में इस कॉल को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन करीब आठ दिन बाद दोबारा संपर्क किया गया। इस बार आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल के साथ-साथ ऑडियो वॉइस मैसेज भेजकर धमकी को दोहराया। संदेश में कहा गया कि यदि तय रकम नहीं दी गई तो “मरने के लिए तैयार रहो” जैसी सीधी चेतावनी दी गई। इससे कारोबारी और उनके परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सतना से मुंबई लौटने के बाद 20 फरवरी को फिर से अंतरराष्ट्रीय नंबर से चार बार व्हाट्सएप कॉल की गई। कॉल रिसीव न करने पर आरोपी ने ऑडियो क्लिप भेजकर दोबारा जान से मारने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों को गंभीर मानते हुए कारोबारी ने तत्काल पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां धमकी देने वाले नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वास्तव में किसी संगठित गैंग का हाथ है या फिर गैंग का नाम लेकर डराने और रंगदारी वसूलने की कोशिश की गई है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस साइबर एंगल से भी जांच कर रही है और अंतरराष्ट्रीय नंबरों के जरिए किए गए कॉल्स की तकनीकी ट्रेसिंग की जा रही है। कारोबारी को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













