चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सर्कुलेटिंग एरिया में रविवार देर रात शराब तस्करों ने मुखबिरी के शक में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने युवक को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसे सड़क पर पटककर मारपीट की गई।
स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से हमलावर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की पहचान अरुण रजक निवासी काली महाल, मुगलसराय के रूप में हुई है, जो ट्रेनों में वेंडरिंग का काम करता है। सूत्रों के मुताबिक, अरुण शराब माफियाओं की गतिविधियों की मुखबिरी भी करता था, जिससे तस्कर और उनसे जुड़े कुछ पुलिसकर्मी उससे नाराज़ थे।
युवक ने कोतवाली में तहरीर दी है कि कार पार्किंग के पास 6-7 लोग पहुंचे और उसे जबरन बाइक पर बैठाने लगे। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस हमले में चर्चित वीरेंद्र और वर्दीधारी अभय का नाम भी शामिल है।
घायल युवक को इलाज के लिए राजकीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि मामले की गहन जांच कराई जा रही है। यदि घटना में शराब तस्करों की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













