वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के परानापुर गांव स्थित कंजड़बस्ती में गुरुवार सुबह आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में लहान और कच्ची शराब बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया, जिससे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
संयुक्त टीम में शामिल उपनिरीक्षक लल्लन सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया। टीम ने जैसे ही कंजड़बस्ती में दबिश दी, एक महिला अवैध रूप से देशी कच्ची शराब तैयार करते हुए मिली, जिसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
छापेमारी के दौरान मौके से करीब 5 कुंतल लहान (शराब बनाने में प्रयुक्त किण्वित पदार्थ) बरामद हुआ, जिसे पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा लगभग 20 लीटर अपमिश्रित देशी कच्ची शराब भी बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री अवैध शराब के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करती है।
गिरफ्तार महिला स्थानीय निवासी बताई जा रही है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।
आबकारी विभाग और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कानून के विरुद्ध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।









