चंदौली। बिजली कनेक्शन में हो रही लापरवाही को लेकर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने सख्त रुख अपनाया है। उपभोक्ताओं को समय पर बिजली कनेक्शन न मिलने की शिकायतों पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदौली विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, उपभोक्ताओं ने “झटपट पोर्टल” पर 10 केवीए वाणिज्यिक कनेक्शन के लिए आवेदन किया था और निर्धारित शुल्क भी जमा किया गया था। इसके बावजूद लंबे समय तक कनेक्शन जारी नहीं किए गए। उपभोक्ताओं द्वारा लगातार शिकायतें मिलने के बाद प्रबंधन ने मामले की जांच कराई।
जांच में यह पाया गया कि विभागीय स्तर पर गंभीर लापरवाही की गई थी। जिसके कारण उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में एसडीओ विवेक मोहन (11002411) और एक्सईएन अरविंद कुमार (11002486) को दोषी पाया गया।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने दोनों अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों को नियमों के अनुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और वे मुख्य अभियंता (वितरण), बस्ती क्षेत्र, बस्ती कार्यालय से संबद्ध रहेंगे।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, झटपट पोर्टल पर समय से कनेक्शन जारी न होने से कई उपभोक्ता परेशान थे। लगातार शिकायतों के बाद शीर्ष स्तर पर यह कार्रवाई की गई है। प्रबंधन ने इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता और सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए सख्त कदम उठाया है।
इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि उपभोक्ता शिकायतों का समय पर निस्तारण करें और पोर्टल पर पारदर्शिता सुनिश्चित करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।













