चंदौली। डीडीयू जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गुरुवार रात एक बड़ी सफलता हासिल की। विशेष जांच अभियान के तहत RPF की टीम ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 37.513 किलो चांदी, 439.370 ग्राम सोना और ₹2 लाख नकद बरामद किया। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत ₹54,17,562 बताई जा रही है।
ऐसे हुआ खुलासा
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में सीपीडीएस टीम और पोस्ट की स्पेशल टास्क टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर जब जांच की गई तो तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी में भारी मात्रा में सोना-चांदी के जेवर और नकदी बरामद हुई।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान इस प्रकार हुई –
- नौशाद खान, निवासी दिलदारनगर, गाजीपुर – 10.213 किलो चांदी, 439.370 ग्राम सोना और ₹2 लाख नकद।
- शशि कुमार वर्मा, निवासी जतनवर, बंगालीबाड़ा, वाराणसी – 14.5 किलो चांदी।
- आकाश कुमार वर्मा, निवासी मनईटाड़, धनबाद – 12.8 किलो चांदी।
- पूछताछ में तीनों आरोपी बरामद माल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
आयकर विभाग को सौंपी गई कार्रवाई
RPF ने मामले की सूचना तुरंत आयकर विभाग वाराणसी को दी। विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद आभूषण व नकदी को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों की सराहना
RPF की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लगातार बढ़ रहे सोना-चांदी और नकदी की अवैध ढुलाई पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल समय-समय पर अभियान चलाता है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









