प्रयागराज। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बारा थाना प्रभारी को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी थानेदार की पहचान विनोद कुमार सोनकर के रूप में हुई है, जिसे थाने के भीतर ही 75 हजार रुपये रिश्वत लेते समय दबोचा गया। कार्रवाई के बाद उसे टीम अपने साथ लेकर घूरपुर थाने पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि एक मुकदमे से जुड़े पीड़ित से मामले में राहत दिलाने के नाम पर घूस की मांग की जा रही थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की, जिसके बाद टीम ने पूरा जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही थानेदार ने रकम ली, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से थाने में हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में भी खलबली फैल गई।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी विनोद कुमार सोनकर वर्ष 2012 बैच का अधिकारी है और मूल रूप से वाराणसी का रहने वाला बताया जा रहा है। लंबे समय से वह विभिन्न थानों में तैनात रह चुका है। इस गिरफ्तारी के बाद उसके कार्यकाल में हुए अन्य मामलों की भी जांच की संभावना जताई जा रही है।
एंटी करप्शन टीम फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे प्रकरण की लिखापढ़ी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रयागराज में थाने के भीतर हुई इस गिरफ्तारी को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे विभाग के भीतर भी संदेश गया है कि रिश्वतखोरी पर अब सीधे कार्रवाई होगी।









