वाराणसी। नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सोनभद्र पुलिस ने कफ सिरप तस्करी के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के पिता भोला जायसवाल की करीब 25 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर लिया गया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर वाराणसी में की गई।
सीओ सिटी सोनभद्र रणधीर कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बादशाह बाग कॉलोनी, सिगरा, महमूरगंज समेत शहर के कई पॉश इलाकों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीन आलीशान मकान, करोड़ों रुपये मूल्य की जमीनें और लग्जरी वाहन, जिनमें एक मर्सिडीज कार भी शामिल है, पुलिस ने जब्त कर ली। कुर्क की गई संपत्तियों पर सरकारी बैनर लगाकर कब्जा लिया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जांच में सामने आया है कि यह संपत्ति अवैध कफ सिरप तस्करी से अर्जित काले धन से खरीदी गई थी। शुभम जायसवाल फर्जी फर्म ‘शैली ट्रेडर्स’ के जरिए कई राज्यों में नशीली कफ सिरप की सप्लाई करता था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके पिता भोला जायसवाल को पहले कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था, जब वह विदेश फरार होने की कोशिश कर रहा था। वे इस पूरे रैकेट में फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग की अहम कड़ी बताए जा रहे हैं।
सोनभद्र पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से ड्रग माफिया और तस्करों में साफ दहशत देखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध कमाई का एक-एक रुपया जब्त किया जाएगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। वाराणसी पुलिस के सहयोग से पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
यह कार्रवाई राज्य सरकार की नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है, जिससे साफ है कि अब केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि अपराधियों की आर्थिक कमर भी तोड़ी जाएगी।









