चंदौली। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के आदेश पर चार आदतन अपराधियों को जिला बदर कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन अपराधियों की लगातार आपराधिक गतिविधियां समाज और शांति व्यवस्था के लिए चुनौती बन चुकी थीं।
आदेश के मुताबिक, जिला बदर किए गए अपराधियों को छह माह तक जनपद की सीमा से बाहर रहना होगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में वे जिले में प्रवेश करते पाए गए तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला बदर किए गए अपराधियों की सूची
- थाना अलीनगर : अनिल कुमार यादव निवासी धमिना (होडहरा) – गोवध, आर्म्स एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज।
- थाना चंदौली : मुकद्दर शाह निवासी डाक बंगला रोड – चोरी, गोवध, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में नामजद।
- थाना धीना : जितेंद्र यादव निवासी बरहन – लूट, गैंगेस्टर एक्ट और मारपीट के कई मामलों में आरोपी।
- थाना मुगलसराय : दरोगा उर्फ इसराफिल निवासी पथरा – हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट और कई बार 110 सीआरपीसी की कार्रवाई में शामिल।
प्रशासन ने साफ किया कि जनपद में अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और कानून तोड़ने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









