जशपुर/कोतबा। जिले में धान खरीदी शुरू होते ही प्रशासन ने बिचौलियों और धान माफियाओं पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। फरसाबहार ब्लॉक में बीती रात हुई कार्रवाई ने अवैध कारोबारियों की पूरी रणनीति चौपट कर दी। ओडिशा सीमा पर तैनात प्रशासनिक टीम ने अवैध ढंग से लाए जा रहे धान को पकड़कर बिचौलियों में खलबली मचा दी है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि बाहरी राज्यों से धान की बड़ी खेप चोरी-छिपे जिले में घुसाने की कोशिश हो रही है। इस जानकारी को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ओम कारेश्वर सिंह और तहसीलदार ने संयुक्त टीम बनाकर देर रात सीमा पर सख्त निगरानी शुरू कराई। पूरी रात चले रतजगे के दौरान टीम ने ओडिशा से आ रहे कई वाहनों की चेकिंग की, जिसमें तीन पिकअप अवैध धान के साथ पकड़े गए।
अधिकारियों ने मौके पर ही वाहनों को कब्जे में लेकर धान समेत पूरा माल तुमला थाना को सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब दस्तावेज़ों और परिवहन संबंधी जानकारी की जांच कर रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई ने धान माफियाओं के बीच भय का माहौल बना दिया है।
कार्यवाही के बाद एसडीएम सिंह ने साफ कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध धान खरीदी नहीं होने दी जाएगी। उनके अनुसार, सीमाओं पर निगरानी और कड़ी की गई है तथा आगामी दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी बिचौलियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि
“अगर कोई नियम तोड़ने की कोशिश करेगा, तो सीधे कानूनी शिकंजे में आएगा।”
फरसाबहार क्षेत्र में इस सख्त एक्शन ने खरीदी केंद्रों को भी सतर्क कर दिया है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सरकारी समर्थन मूल्य का लाभ केवल स्थानीय किसानों को ही मिलेगा, बाहरी राज्यों के धान को खपाने वालों के लिए अब कोई गुंजाइश नहीं बची है।









