वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए करीब 3.5 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो ट्रेन के जरिए इस सोने को दिल्ली पहुंचाने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया सोना करीब 2.025 किलोग्राम (2 किलो 25 ग्राम) वजन का है, जिसमें 19 गोल्ड बिस्कुट शामिल हैं। दोनों आरोपी डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे और पश्चिम बंगाल से वाराणसी होते हुए दिल्ली जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि आरपीएफ और जीआरपी को पहले से ही तस्करी की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर स्टेशन पर जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दोनों यात्रियों को रोका गया और तलाशी लेने पर उनके पास से सोने के बिस्कुट बरामद हुए।
रेलवे आईजी प्रयागराज जोन एन. कोलांची ने बताया कि पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि सोना अफ्रीका से बांग्लादेश के रास्ते भारत पहुंचाया गया था। इसके बाद पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिए इसे दिल्ली भेजने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस का मानना है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। गिरफ्तार दोनों आरोपी केवल सोना ले जाने का काम कर रहे थे। उन्हें दिल्ली में किसी व्यक्ति को सोना सौंपना था, जिसके बारे में उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिलने वाली थी।
बरामद सोने को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।













