चंदौली। जनपद में कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने गुरुवार देर शाम पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किया है। इस क्रम में चार निरीक्षक और एक उपनिरीक्षक समेत कुल पांच पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया गया है।
इस फेरबदल के तहत सदर कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह को कोतवाली प्रभारी पद से हटाकर डायल 112 का प्रभारी बनाया गया है। वहीं एसपी कार्यालय में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्यरत विजय बहादुर सिंह को सदर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूत्रों के अनुसार, इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह की कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस अधीक्षक लंबे समय से संतुष्ट नहीं थे, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। एसपी का यह कदम जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में माना जा रहा है।
अन्य बदलावों में सकलडीहा में तैनात निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव को धीना थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं डायल 112 में तैनात निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को विवेचना सेल भेजा गया है। इसके अलावा धीना थाने में तैनात उपनिरीक्षक भूपेंद्र कुमार निषाद को सकलडीहा कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने स्पष्ट किया कि यह सभी तबादले प्रशासनिक आवश्यकता और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किए गए हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध व निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें।









