मऊ। शहर में चोरी की एक बड़ी घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल के प्रतिष्ठान बालाजी टेलीकॉम में चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों रुपये के मोबाइल फोन पार कर दिए।
बताया जा रहा है कि चोर बेहद बेखौफ अंदाज में दुकान में घुसे और बोरे में मोबाइल फोन भरकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी भी बताई जा रही है, जिससे व्यापारियों में खासा रोष है।
घटना की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डॉ. राम गोपाल गुप्त मौके पर पहुंचे और पीड़ित व्यापारी से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह घटना पुलिस की लापरवाही को दर्शाती है और व्यापारी समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संकट की घड़ी में पूरा व्यापारी वर्ग राजेंद्र अग्रवाल के साथ खड़ा है।
डॉ. गुप्त ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द मामले का खुलासा किया जाए, चोरी गए माल की बरामदगी सुनिश्चित हो और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, युवा संगठन के जिलाध्यक्ष अजहर कमाल फैजी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आगे की रणनीति तय करेगा।
इस दौरान कन्हैया लाल जायसवाल, आनंद कुमार, महातम यादव, इकबाल अहमद, नंदू गुप्ता, राजेश गुप्ता, संजय सर्राफ सहित कई व्यापारी मौके पर मौजूद रहे।













